विदिशा जिले की जनपद पंचायत नटेरन के ग्राम पंचायत डगरवाड़ा निवासी श्री कल्लू किरार के जीवन में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से खुशियों का नया उजियारा आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उन्हें पक्का आवास का लाभ मिला, वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने से परिवार को धुएं से राहत मिली और खाना बनाने की सुविधा आसान हुई।

हितग्राही कल्लू किरार बताते हैं कि पहले कच्चे मकान में परिवार के साथ रहना कठिन था। बारिश के दिनों में विशेष परेशानी होती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पक्का मकान मिलने से अब परिवार को सुरक्षित और सुविधाजनक आशियाना मिला है। इसी तरह उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन मिलने के बाद लकड़ी और चूल्हे के धुएं से भी राहत मिली है।

उन्होंने कहा, “सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने से मेरे परिवार की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। अब हमारे पास पक्का घर है और खाना बनाने के लिए गैस की सुविधा भी है। इन योजनाओं से मिली खुशियों के लिए मैं प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देता हूं।” कल्लू किरार ने कहा कि शासन की योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने में सहायक साबित हो रही हैं।

उन्होंने शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति भी आभार व्यक्त किया।