विदिशा नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-10 रायपुरा बस्ती निवासी श्री राजेश विश्वकर्मा के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना खुशियों की सौगात लेकर आई है। कभी कच्चे मकान में परिवार के साथ जीवन यापन करने वाले श्री विश्वकर्मा का पक्का मकान अब बनकर तैयार हो गया है। वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित और बेहतर आवास में सुखपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। श्री राजेश विश्वकर्मा बताते हैं कि पहले उनका घर कच्चा था।

सर्दी और बरसात के मौसम में उन्हें अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कच्चे मकान में बारिश के दौरान घर की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। साथ ही सांप, बिच्छू एवं अन्य जीव-जंतुओं के घर में प्रवेश करने का खतरा भी रहता था। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवास के लिए आवेदन किया।

आवास सूची में नाम स्वीकृत होने के बाद उन्हें योजना के तहत किस्तों में राशि प्राप्त हुई। प्राप्त सहायता से उन्होंने अपना पक्का मकान तैयार कराया। श्री विश्वकर्मा कहते हैं कि पक्का आवास मिलने से उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके पक्के घर के सपने को साकार कर परिवार के जीवन में नई खुशियां और नई उम्मीदें दी हैं।

इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद दिया है।