प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा बुधवार रात्रि तेंदूखेड़ा पहुंची। यात्रा में 4 राज्यों के युवा शामिल हैं। यात्रा में आगे ज्योति कलश और उसके पीछे युवा बाइक टोली के सदस्य रहे।
गुरुवार को तेंदूखेड़ा के एमके पैलेस में आयोजित प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों एवं सेवा यात्रियों से वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, सांसद श्री चौधरी दर्शन सिंह, स्थानीय विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विष्णुकांत शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, विभिन्न योजनाओं के लाभांवित हितग्राही और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने आमजन के बीच बैठकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा संकल्प यात्रा के युवा प्रतिभागियों के साथ हुआ संवाद सुना। इस दौरान युवाओं, नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सेवा ज्योति कलश संकल्प यात्रा के युवा प्रतिभागियों से संवाद करते हुए ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण, जनसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि राजनीति और चुनाव अपनी जगह हैं, लेकिन हमारा मुख्य मार्ग और संकल्प हमेशा ‘सेवा’ का होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सेवा कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ने और समाज के अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ने की बात कही।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित हो रहा सेवा संकल्प अभियान
‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह की अवधि में किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सेवा भावना को जनभागीदारी से जोड़ना तथा युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों को राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहभागी बनाना है। विदित है कि वडनगर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि तथा वाराणसी उनकी कर्मभूमि है।
तेंदूखेड़ा में दिखा उत्साह, नागरिकों ने किया यात्रा का स्वागत
सेवा संकल्प यात्रा के तेंदूखेड़ा पहुंचने पर क्षेत्रवासियों में उत्साह देखने को मिला। नागरिकों ने यात्रा दल का आत्मीय स्वागत किया और यात्रा में शामिल युवाओं के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। तेंदूखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम ने सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को स्थानीय स्तर पर भी मजबूती प्रदान की।
जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने आमजन के साथ बैठकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संवाद सुना और सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों से जुड़कर अपनी सहभागिता व्यक्त की। कार्यक्रम में विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के बाद यात्रा अपने अगले गंतव्य के लिए निकली।




