चांचौड़ा की ग्राम पंचायत जटेरी की गौशाला का कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने निरीक्षण किया। इस दौरान चांचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची भी उपस्थित रहीं। कलेक्टर ने गौशाला के संचालन को बेहतर बनाने के लिए गोबर एवं गोमूत्र के उपयोग के साथ दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और उत्पादों की मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे गौशाला की आय में वृद्धि होगी और इसके संचालन में सुविधा मिलेगी। इस दौरान कलेक्टर एवं विधायक ने गौशाला में गायों को चारा एवं गुड़ खिलाया।
सामुदायिक भवन का नियमित उपयोग और रखरखाव जरूरी
इसके बाद कलेक्टर श्री कन्याल ने कोदयापुरा स्थित सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि भवन का नियमित रूप से उपयोग किया जाए, जिससे इसकी उपयोगिता बनी रहे और भवन का व्यवस्थित रखरखाव भी सुनिश्चित हो। सचिव ने बताया कि लगभग 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है। भवन में दो कमरे हैं तथा इसे सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं चाचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची का स्वागत किया गया।
विद्यार्थियों से संवाद कर जाना भविष्य का लक्ष्य
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम तेलीगांव स्थित शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा और खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत @2047 के संबंध में भी अपने विचार साझा किए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को विकसित भारत @2047 की अवधारणा समझाते हुए कहा कि इसका उद्देश्य देश को आर्थिक एवं अन्य क्षेत्रों में अधिक सक्षम और विकसित बनाना है।
पीडीएस दुकान का भी किया निरीक्षण
विद्यालय परिसर के समीप स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान का भी कलेक्टर एवं विधायक द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकान में खाद्यान्न वितरण एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
इस दौरान एसडीएम चांचौड़ा श्री अमित सोनी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

