केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आमजन को बेहतर, सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों का लाभ अब जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। आयुष विभाग के माध्यम से नागरिकों को आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक चिकित्सा के साथ निःशुल्क औषधियां और नियमित योग की सुविधा मिल रही है। जिले में वर्तमान में आयुष विभाग के अंतर्गत कुल 23 संस्थाएं संचालित हैं।
इनमें 12 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 8 आयुर्वेद औषधालय, 2 होम्योपैथिक औषधालय तथा जिला चिकित्सालय परिसर में 1 आयुष विंग शामिल है। अगस्त माह में इन आयुष संस्थाओं के माध्यम से 15,733 लोगों को चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क औषधियां प्रदान की गईं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर 349 लोगों को आयुष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से उपचार के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले के 12 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रतिदिन योग प्रशिक्षक एवं योग सहायक द्वारा ग्रामीणों को योगाभ्यास कराया जाता है। इससे ग्रामीणों में नियमित योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि अपने गांव और आसपास ही निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, औषधियां एवं योग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होना उनके लिए बड़ी सुविधा है। आयुष सेवाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच आसान होने पर ग्रामीणों ने केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आमजन के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए संचालित इन जनहितकारी योजनाओं एवं सेवाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सरकार की इन पहलों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत हुई है।
आयुष सेवाओं का यह विस्तार “सेवा से संकल्प” की भावना को साकार करते हुए दतिया जिले में स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सुश्री निहारिका मीना सहायक संचालक जनसम्पर्क दतिया




