प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए भरोसे और सहयोग का माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान अपने स्वास्थ्य, पोषण और आवश्यक जांच पर बेहतर ध्यान देने में सहयोग मिल रहा है।

अनूपपुर निवासी श्रीमती यशोदा राठौर के लिए भी यह योजना मातृत्व के सुखद सफर में उपयोगी सहारा बनी। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच, दवाइयों और पौष्टिक आहार की विशेष आवश्यकता होती है। ऐसे समय में योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

श्रीमती राठौर ने बताया कि सहायता राशि का उपयोग आवश्यक दवाइयों, स्वास्थ्य जांच और पौष्टिक आहार से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में किया गया। इससे उन्हें गर्भावस्था के दौरान अपने स्वास्थ्य और आने वाले शिशु की देखभाल पर अधिक ध्यान देने में सुविधा मिली। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल माताओं के लिए आत्मविश्वास और संबल बढ़ाने वाली है। समय पर मिलने वाली सहायता परिवार के लिए राहत देती है और महिला को स्वस्थ मातृत्व की ओर आगे बढ़ने में सहयोग करती है।

श्रीमती यशोदा राठौर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से माताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना से मिला सहयोग उनके लिए मातृत्व के इस विशेष दौर में सकारात्मक अनुभव और भरोसे का आधार बना।