कलेक्टर श्री साकेत मालवीय की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला टास्क फोर्स समिति नारकोटिक्स,सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला टास्क फोर्स समिति अंतर्गत वन, पुलिस, जिला अभियोजन, खाद्य, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति, आबकारी विभाग की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में मादक पदार्थो की तस्करी की विशेष निगरानी की जाए।
शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं द्वारा नशामुक्ति के कार्यक्रम आयोजित किये जाए। उन्होंने मेडिकल स्टोरो पर ड्रग्स इंस्पेक्टर द्वारा मेडिकल स्टोरो के लायसेंस की जांच एवं ऑडिट किया जाना सुनिश्चित करें। स्कूलों के आसपास गुमठियों पर बिकने वाले तंबाकू आदि के विक्रय पर रोक लगाने हेतु गुमठियों को हटवाया जाए। जिले में नशामुक्ति से संबंधित सकारात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाए।
बैठक में जिला टॉस्क फोर्स समिति के तहत वन विभाग के अंतर्गत अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्यवाही, वन क्षेत्रों में अवैध कटाई, अतिक्रमण, परिवहन उत्खनन, शिकार के संबंध में की गई कार्यवाहियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। भारतीय वन अधिनियम 1927 अंतर्गत धारा- 4 के तहत अधिसूचना जारी किए जाने, वन व्यवस्थापन, परिवेश पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
जिला अभियोजन के तहत जघन्य एवं सनसनीखेज अपराधों की समीक्षा, लोकायुक्त एवं एन.डी.पी.एस, पॉक्सो एक्ट, अभियोजन साक्ष्य, विचारण एवं निराकरण हेतु प्रकरण की समीक्षा की गई। पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान हेलमेट चेकिंग अभियान सतत रूप से चलाये जाने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हेतु ब्लॉक स्पॉट तथा दुर्घटनाग्रस्त स्थान को चिन्हित किए जाने तथा रिफ्लेक्टर टैप ट्रालियों में लगाई जाने हेतु निर्देशित किया गया।
अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत राहत प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में खनिज, आबकारी, पंजीयन, खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के कार्यो की समीक्षा की गई। बैठक में वनमण्डाधिकारी श्रीमती प्रतिभा अहिरवार,अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सोनम जैन एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


