बड़वानी जिले के किसानों को खेती और उससे जुड़े विभागों की योजनाएं समझाने के लिए ग्राम पंचायत उचावद में 22 सितंबर को रात्रि चौपाल लगेगी। ठीकरी विकासखंड में होने वाला यह कार्यक्रम शाम 7 बजे शुरू होगा और इसकी अध्यक्षता कलेक्टर जयति सिंह करेंगी।
खाद से कपास पंजीयन तक मिलेगी जानकारी
चौपाल में ई-टोकन से उर्वरक वितरण, फार्मर आईडी बनवाने और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कपास बेचने के लिए पंजीयन की प्रक्रिया बताई जाएगी। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी अपनी योजनाओं की पात्रता, अनुदान और लाभ लेने के तरीके की जानकारी देंगे।
किसानों को उर्वरकों के संतुलित उपयोग, दलहन फसलों का क्षेत्र बढ़ाने और उन्नत व प्रमाणित बीज बोने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आगामी फसल के लिए अग्रिम उर्वरक उठाव और समय पर कृषि आदानों की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी भी साझा की जाएगी।
प्राकृतिक खेती और सहकारी सुविधाओं पर भी चर्चा
प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों और क्लस्टर के चयन से संबंधित जानकारी चौपाल का हिस्सा होगी। सहकारी समितियों की सदस्यता और उनके माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी किसानों को बताया जाएगा।
किसान खेती, सिंचाई, खाद-बीज और दूसरी ग्रामीण समस्याएं सीधे वरिष्ठ अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। प्रशासन के अनुसार, चौपाल में सामने आने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए मौके पर ही निर्देश दिए जाएंगे।



