प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही ‘जल जन सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का रविवार को सिवनी जिले में प्रवेश हुआ। 17 सितंबर को वडनगर से प्रारंभ हुई यह यात्रा देश के 10 राज्यों से होकर वाराणसी पहुंचेगी। यात्रा में शामिल सेवा यात्री देश की प्रमुख नदियों का जल साथ लेकर जनसेवा, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

सिवनी जिले में यात्रा के प्रवेश पर सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक श्री दिनेश राय, बरघाट विधायक श्री कमल मर्सकोले एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों द्वारा सेवा यात्रियों की आत्मीय अगवानी की गई। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी, पूर्व सांसद श्रीमती नीता पटेरिया, पूर्व विधायक श्री नरेश दिवाकर, पूर्व विधायक श्री राकेश पाल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री राजेश त्रिवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। नागरिकों ने भी उत्साह के साथ सेवा यात्रियों का स्वागत किया।

ग्राम फुलारा में आयोजित हुई ग्राम चौपाल और उद्यम संवाद कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्राम फुलारा में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान उद्यम संवाद कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ लेकर सशक्त एवं आत्मनिर्भर बने हितग्राहियों ने अपने अनुभव और सफलता की कहानियां साझा कीं। हितग्राहियों ने बताया कि शासकीय योजनाओं से मिले सहयोग ने उन्हें अपने व्यवसाय एवं आजीविका को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण संबल प्रदान किया है।

चौपाल में सेवा यात्रियों द्वारा ग्रामीणों से संवाद करते हुए सेवा, स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। ग्रामीणों ने यात्रा का आत्मीय स्वागत करते हुए सेवा गतिविधियों में सहभागिता की।

लखनवाड़ा में वैनगंगा नदी घाट पर भव्य गंगा आरती

यात्रा के दौरान लखनवाड़ा स्थित वैनगंगा नदी घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धा और उत्साह से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सेवा यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। वैनगंगा नदी के तट पर आयोजित गंगा आरती के माध्यम से नदियों की स्वच्छता, जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के प्रति जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

25 प्रकार की सेवा गतिविधियों से जनसेवा का संदेश

‘जल जन सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ के दौरान सेवा यात्रियों द्वारा 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में सहभागिता की जा रही है। इनमें स्वच्छता, पौधारोपण, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण सहित जनहित से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को सेवा भावना के साथ समाज एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा जल जैसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया जा रहा है।

प्रमुख नदियों का जल लेकर वाराणसी की ओर बढ़ रही यात्रा

वडनगर से प्रारंभ हुई यह यात्रा देश के 10 राज्यों से होते हुए वाराणसी की ओर अग्रसर है। यात्रा में सेवा यात्री देश की प्रमुख नदियों का जल साथ लेकर चल रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों की नदियों से जुड़ी सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही यात्रा के माध्यम से नदियों के संरक्षण, जल बचाने और जल के प्रति जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।