मझगांय मध्यम सिंचाई परियोजना अंतर्गत विस्थापित ग्राम बनहरी, कुंवरपुर एवं बालूपुर में संबंधित परिवारों को मुआवजा राशि के वितरण और पुनर्वास का कार्य तीव्र गति से संचालित है। शासन की नीति एवं नियम मुताबिक सभी पात्र परिवारों को समयबद्ध रूप से निर्धारित राशि का वितरण करने का लक्ष्य है। सभी विस्थापितों से टीम द्वारा सहमति पत्र एवं संयुक्त बैंक खाता तत्काल प्रदान करने की अपील भी की गई है।
इस क्रम में कलेक्टर ऊषा परमार के निर्देशानुसार एसडीएम एवं तहसीलदार सहित हल्का पटवारी द्वारा गांव गांव पहुंचकर राशि भुगतान के संबंध में अवगत कराने के साथ ही सहयोग की अपील की जा रही है। गुरुवार को तहसीलदार सुरेन्द्र अहिरवार ने ग्राम कुंवरपुर के विस्थापितों से भेंट कर समस्याएं सुनी और आवश्यक कार्यवाही से अवगत कराया। जानकारी दी गई की बालूपुर में 27 व्यक्तियों को अतिरिक्त राशि का भुगतान किया जा चुका है।
कुंवरपुर में लगभग 50 एवं बालूपुर में पुनः लगभग 45 व्यक्तियों के संयुक्त खाते संबंधी जानकारी तैयार कर ली गई है तथा शीघ्र ही अतिरिक्त राशि का वितरण शुरू किया जाएगा। तहसीलदार ने ग्रामवासियों से कहा कि किसी के बहकावे में न आएं और तहसील कार्यालय पहुंचकर अथवा फोन के माध्यम से प्रशासन के साथ ही संवाद करें।
सभी विस्थापित परिवार राशि प्राप्त करने के साथ बेहतर जीवन यापन करें, यही प्रशासन की भी अपेक्षा है। संबंधित विस्थापित परिवारों को इस बात की भी समझाईश दी गई की कुछ लोगों द्वारा प्रशासन की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। बताया गया कि मुआवजा राशि अथवा अतिरिक्त राशि के एवज में ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की राशि किसी भी स्तर पर नहीं देना है।



