मझगांय मध्यम सिंचाई परियोजना अंतर्गत राजस्व और जल संसाधन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम हनुमतपुर में पुनर्वास पैकेज की अतिरिक्त राशि के वितरण के लिए सर्वे शुरू कर दिया गया है। आज एसडीएम आलोक मार्काे के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं भी सुनी। सर्वे के जरिए पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर वांछित जानकारी जुटाई जाएगी।

गत दिवस कमिश्नर सागर संभाग द्वारा भी बैठक लेकर पुनर्वास पैकेज की अतिरिक्त राशि वितरण व पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत टीम द्वारा अतिरिक्त राशि वितरण प्रक्रिया को सुचारू रूप से क्रियान्वित करने के उद्देश्य से जरूरी कार्यवाही की जा रही है। इस दौरान ग्रामीणजनों द्वारा दल के समक्ष अपनी समस्याओं सहित अन्य जानकारियां भी साझा की गई।

आगामी दिवसों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पुनर्वास पैकेज की अतिरिक्त राशि का वितरण किया जाएगा।