मैहर, 23 सितंबर। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर मातृत्व के दौरान उनके स्वास्थ्य, पोषण और आवश्यक जरूरतों में सहयोग प्रदान कर रही है। योजना से मिलने वाली सहायता महिलाओं और उनके परिवारों के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। मैहर के वार्ड क्रमांक-10 निवासी श्रीमती रंजना सोनी भी इस योजना से लाभान्वित होकर मातृत्व के दौरान आर्थिक सहायता प्राप्त कर चुकी हैं।

श्रीमती रंजना सोनी का पंजीयन आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में किया गया। प्रथम प्रसव के दौरान उन्हें ₹5 हजार की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इस राशि से उन्हें स्वयं एवं शिशु के पोषण तथा आवश्यक जरूरतों की पूर्ति में सहयोग मिला।

इसके बाद द्वितीय प्रसव में बालिका के जन्म पर उन्हें ₹6 हजार की सहायता राशि योजना के अंतर्गत प्राप्त हुई। इस प्रकार दोनों प्रसवों के दौरान श्रीमती रंजना सोनी को कुल ₹11 हजार की आर्थिक सहायता मिली।

श्रीमती रंजना सोनी बताती हैं कि योजना से मिली आर्थिक सहायता ने मातृत्व के दौरान आवश्यक खर्चों में काफी सहयोग प्रदान किया। इस सहायता से उन्हें और उनके परिवार को आर्थिक संबल मिला तथा मातृत्व की जिम्मेदारियों को पूरा करने में सुविधा हुई।

श्रीमती रंजना सोनी योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाएं महिलाओं के लिए कठिन समय में आर्थिक सहारा प्रदान कर उन्हें आत्मविश्वास और संबल देती हैं।