नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, अपर नर्मदा जोन, जबलपुर के अंतर्गत नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-2 पनागर के कार्यक्षेत्र में आने वाली पनागर, सिहोरा एवं पौंड़ा (मझौली) तहसीलों की 11 जल उपभोक्ता संस्थाओं के अध्यक्षों तथा प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के सदस्यों के निर्वाचन कार्यक्रम की सूचना आज एक अक्टूबर को जारी कर दी गई है।
इन जल उपभोक्ता संस्थाओं के अध्यक्षों एवं सदस्यों द्वारा किसानों के साथ समन्वय स्थापित कर सिंचाई के लिए पानी का समुचित बंटवारा किया जाता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अनुमोदित कार्यक्रम के अनुसार पनागर, सिहोरा एवं पौंडा (मझौली) तहसील की जल उपभोक्ता संस्थाओं की चुनावी प्रक्रिया प्रारूप ‘क’ में निर्वाचन की सूचना के प्रकाशन के साथ ही प्रारंभ हो गई है।
निर्वाचन की जारी सूचना के मुताबिक अध्यक्ष एवं सदस्य का चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यार्थियों से नाम निर्देशन पत्र 27 नवंबर को सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक प्राप्त किये जायेंगे। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की जांच 7 दिसंबर को होगी तथा 10 दिसंबर तक अभ्यर्थिता से नाम वापस लिये जा सकेंगे। मतदान 21 दिसंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा तथा परिणामों की घोषणा एवं प्रकाशन 22 दिसंबर को किया जायेगा।
वर्तमान में इन 11 जल उपभोक्ता संस्थाओं के 88 प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के सदस्यों तथा 11 अध्यक्षों का निर्वाचन होना है।





