मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजीव भावरकर के निर्देशन में नवांकुर संस्था नवचेतना पब्लिक वेलफेयर सोसाइटी, सेक्टर क्रमांक-04 द्वारा आज विकासखंड परासिया के ग्राम बरारिया के पंचायत भवन में सेक्टर स्तरीय बैठक एवं “ माटी गणेश, सिद्ध गणेश ” कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बैठक में सेक्टर-4 अंतर्गत आने वाली ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के कार्यों, आगामी गतिविधियों तथा माटी गणेश, सिद्ध गणेश अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान विकासखंड समन्वयक श्री संजीव भावरकर ने पर्यावरण संरक्षण एवं गणेशोत्सव के दौरान मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को अपनाने के लिए ग्रामीणों एवं युवाओं को प्रेरित किया तथा पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण बचाने के लिए मिट्टी के गणेश जी अपनाने पर जोर दिया।

नवांकुर संस्था नवचेतना पब्लिक वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष श्री अंकेश वाघ ने सभी प्रस्फुटन समितियों को माटी गणेश, सिद्ध गणेश अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को जल स्रोतों में विसर्जित करने पर किसी भी प्रकार का प्रदूषण नहीं होता है और यह पर्यावरण की दृष्टि से भी अनुकूल है।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को लेकर कहा गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। सभी से मिट्टी के गणेश अपने घर में विराजित करने का संकल्प लेने तथा अपने आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बरारिया, मायावाड़ी, डुंगरिया, कारिडोंगरी एवं सिरगोरी खुर्द के प्रतिनिधियों सहित नवांकुर सखी, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामवासी उपस्थित थे। इस अवसर पर श्री योगेन्द्र तेकाम, श्री हंसलाल कहार, श्री देवकरण आरसे, श्री पतिराम कुमरे, श्री अमित साहू, श्री इन्द्रपाल कुमरे, श्री ब्रजमानसा धुर्वे, श्री प्रभात मस्कोले, श्रीमती सविता कहार, श्रीमती वर्षा कहार, श्रीमती लखनवती मरकाम, श्रीमती लीला बाई सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर क्रमांक-04 की नवांकुर संस्था नवचेतना पब्लिक वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष श्री अंकेश वाघ के नेतृत्व में किया गया। बैठक के दौरान सभी सदस्यों ने जन अभियान परिषद की गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।